बड़सर (हमीरपुर)। ख्वाजा खड्ड में गंदा पानी छोड़े जाने का मामला सामने आने के बाद बंद की गई पेयजल आपूर्ति छह दिन बाद बहाल हो गई है। जल शक्ति विभाग ने बुधवार देर शाम से प्रभावित 14 गांवों में पानी की सप्लाई दोबारा शुरू कर दी है।
विज्ञापन
लंबे समय से पेयजल संकट झेल रहे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। इस दौरान लोगों को घरेलू जरूरतों के लिए पानी जुटाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बीते सप्ताह ख्वाजा खड्ड में गंदा पानी छोड़े जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। मामला सामने आने के बाद जल शक्ति विभाग ने एहतियातन शनिवार से खड्ड से जुड़ी पेयजल योजनाओं की आपूर्ति बंद कर दी थी। इससे क्षेत्र के करीब 14 गांवों में पेयजल संकट पैदा हो गया।
विज्ञापन
छह दिन तक नलों में पानी नहीं आने से लोगों को खाना बनाने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए दूसरे जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ा। इस दौरान विभाग ने संबंधित पेयजल योजनाओं की फ्लशिंग करवाई और पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे।
विभाग ने पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के बाद ही आपूर्ति बहाल करने का निर्णय लिया। बुधवार को नमूनों की जांच रिपोर्ट सही आने के बाद सभी प्रभावित गांवों में पेयजल आपूर्ति दोबारा शुरू कर दी गई। संवाद