भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के मुंडखर नैली जमली में एक सप्ताह से पेयजल किल्लत बनी हुई है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को पेयजल आपूर्ति के लिए टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। पूर्व में गांव में सप्ताह के दो-तीन दिन पेयजल आपूर्ति हो जाती थी। अब एक सप्ताह से ग्रामीण पेयजल समस्या से जूझ रहे हैं।
ग्रामीण राकेश कुमार, विमल, राजेश, विष्णु राम, निक्का सिंह, करतारी देवी, रोशनी आदि ने कहा कि गांव में पेयजल समस्या के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जब समस्या के लिए विभागीय अधिकारियों का अवगत करवाया जाता है तो वे पेयजल सप्लाई कम आने का तर्क देते हैं। उन्होंने कहा कि गांव में वर्षों पूर्व डाली गई पेयजल पाइपलाइन पुरानी हो चुकी है। यह जगह-जगह से टूटी हुई है। इस कारण गांव में लोगों को पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है। बरसात के बाद ग्रामीणों को इसी प्रकार पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। वे कई बार आंदोलन भी कर चुके हैं लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इसका खामियाजा ग्रामीणों को झेलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गांव में 100 के करीब परिवार रहते हैं। पेयजल आपूर्ति न होने के कारण सभी को दिक्कत हो रही है। इस बारे में जल शक्ति विभाग लदरौर के एसडीओ राजेंद्र पठानिया ने कहा कि समस्या ध्यान में है। गांव में पुरानी पेयजल पाइपलाइन होने के कारण पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं हो पा रही है। नई पाइपलाइन बिछाकर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।