बड़सर (हमीरपुुर)। विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने बुधवार को शहीद प्रवीण कुमार मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुलेहड़ा के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी सरकारी स्कूलों में पर्याप्त संख्या में योग्य शिक्षकों की नियुक्ति के साथ-साथ आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान कर रही है।
इससे इन स्कूलों में बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिल रही है। इसलिए, बच्चों को महंगे स्कूलों के बजाय सरकारी स्कूलों में दाखिल करवाया जाना चाहिए। कुलेहड़ा स्कूल में विभिन्न सुविधाओं की चर्चा करते हुए विधायक ने आश्वासन दिया कि आने वाले समय में यहां बड़े हॉल और मंच का निर्माण, मैदान की मरम्मत और अन्य कार्यों के लिए बजट उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने स्कूल को अपनी ओर से ग्यारह हजार रुपये देने की घोषणा भी की। विधायक ने शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। इससे पहले प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा स्कूल की उपलब्धियों की जानकारी दी। समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह में उपप्रधान इंद्रजीत सिंह, कठियाणा के उपप्रधान देवराज, एसएमसी अध्यक्ष संदीप कुमार, सेवानिवृत्त शिक्षा उपनिदेशक कुलवंत सिंह पठानिया, अजीत शर्मा, आरसी लखनपाल, नानक चंद शर्मा, पूर्व बीडीसी सदस्य लक्की शर्मा और संजय कुमार, पूर्व प्रधान पवन कुमार, रणवीर सिंह, हरनाम सिंह पठानिया, शमशेर पठानिया, हेमराज, सतीश कुमार, राम कुमार, चमन लाल, मेहर सिंह, दलीप पठानिया, केहर सिंह, रमेश डोगरा, विपन शर्मा, शक्ति चंद, जगत राम और अन्य लोग उपस्थित रहे।