वार्ड में एनआईटी कॉलोनी के पास बहता है नाला
बरसात के दौरान कॉलोनी में घुस गया था बारिश का पानी
नाले के चैनलाइजेशन के साथ बनाया जाएगा पार्क और मंदिर
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के वार्ड नंबर सात में एनआईटी कॉलोनी के पास स्थित नाले का चैनलाइजेशन होगा। इससे बरसात के समय लोगों को वार्ड में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। पहले जहां नाले के कारण लोगों के घरों में पानी घुस जाता था। अब लोगों की समस्या का स्थायी समाधान होगा। चैनलाइजेशन के लिए नगर परिषद की ओर से नाले के दोनों ओर डंगे, चैंबर बनाए जाएंगे। इसके बाद लेंटर डालकर पार्क का निर्माण करवाया जाएगा। इससे वार्ड के लोगों को बरसात के समय परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। वार्ड में स्थित नाले के ऊपर पार्क में मंदिर निर्माण और सामुदायिक हॉल बनाया जाएगा ताकि लोगों को सामाजिक समारोहों का आयोजन करने में सुविधा मिल सके। नगर परिषद हमीरपुर ने निर्माण कार्य के लिए प्रस्ताव तैयार कर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब एक माह के भीतर नाले पर पार्क बनाने का कार्य पूरा किया जाएगा। नाले के मरम्मत कार्य पर 10 लाख रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। इसके साथ आसपास पक्के रास्ते का निर्माण होगा। इस बारे में नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने कहा कि वार्ड नंबर सात में नाले के चैनलाइजेशन और निर्माण कार्य को लेकर प्रस्ताव तैयार कर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है। इसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।