रंगस(हमीरपुर)। कांगू-धनेटा सड़क मार्ग पर पनसाई गांव के समीप डोहग नाले पर जल्द ही डबल लेन पुल का निर्माण होगा। 44.337 मीटर लंबे इस पुल के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने 3.92 करोड़ रुपये का टेंडर अवार्ड कर दिया है।
बरसात के बाद निर्माण शुरू होगा और ठेकेदार को अप्रैल 2027 तक इसे पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। वर्तमान में डोहग नाले पर बना पुल संकरा होने के कारण आमने-सामने से आने वाले वाहनों को गुजरने में काफी दिक्कत होती है। बड़े वाहनों की आवाजाही के दौरान कई बार जाम की स्थिति भी बन जाती है, जबकि बरसात के मौसम में परेशानी और बढ़ जाती है।
क्षेत्र के लोग लंबे समय से डबल लेन पुल की मांग कर रहे थे। अब सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पुल निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। नए पुल के बनने से यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होगा तथा स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।
कोट
डोहग नाले पर बनने वाले पुल का टेंडर अवार्ड हो चुका है। पुल के निर्माण पर लगभग 3.92 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
-अमन, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, उपमंडल धनेटा