गलोड़ (हमीरपुर)। दिन के समय तेज धूप और रात में बढ़ती ठंड के ‘डबल अटैक’ से आम लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। मौसम के इस बदलाव के कारण बड़ी संख्या में लोग सर्दी, जुकाम और बुखार से ग्रसित हो रहे हैं। दिन की गर्मी देखकर लोग रात की ठंड के प्रति लापरवाही बरत रहे हैं, जो सीधे तौर पर बीमारी का कारण बन रही है।
सरकारी अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है। गलोड़ अस्पताल में रोजाना की ओपीडी अब 200 के करीब पहुंच गई है। डॉक्टरों के अनुसार बढ़े हुए मामलों में सबसे ज्यादा संख्या खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की है। सामान्य दिनों में जहां सर्दी-जुकाम के 5 से 10 मरीज आते थे, अब यह संख्या बढ़कर रोजाना 25 से 30 तक पहुंच गई है।
इस बदलते मौसम का सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों पर पड़ रहा है, जिनकी इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है, जिससे वायरल इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। बच्चों में सर्दी, जुकाम, गले में खराश, बुखार और फ्लू जैसी बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। वहीं, चिकित्सक मरीजों को सलाह दे रहे हैं कि मौसम के अनुरूप कपड़े पहनें। गुनगुना पानी पीएं और ठंडी चीजों के सेवन से बचें।
डॉक्टरों ने लोगों से अपने खानपान और दिनचर्या में विशेष सावधानी बरतने का आग्रह किया है ताकि मौसमी बीमारियों से बचा जा सके। लक्षण दिखाई देने पर घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
मौसम बदल रहा है। लोगों को अपनी सेहत का ध्यान रखना चाहिए। आजकल सर्दी, जुकाम, गले की खराश, बुखार के मामलों में हल्का इजाफा हुआ है। कुछ सावधानियां अपनाकर बीमारियों से बचा जा सकता है।
-डॉ. अरविंद कौंडल, बीएमओ, स्वास्थ्य खंड गलोड़