हमीरपुर। राज-राजेश्वरी कॉलेज ऑफ एजूकेशन भोटा ने इस कोरोना काल में अपनी सामाजिक जिम्मेवारी का निर्वहन करते हुए कोरोना मरीजों के लिए 35 इलेक्ट्रिक कैटल राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज के प्रबंधन को दीं। संस्थान के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक मंजीत सिंह डोगरा ने बताया कि जहां पूरा विश्व कोरोना जैसी महामारी से युद्ध कर रहा है तो उनका संस्थान भी इस युद्ध में पूरी मानवता के साथ खड़ा है।
इस वैश्विक आपदा का सामना सभी को मिलकर करना होगा। सबके सामूहिक प्रयासों से हम शीघ्र ही कोरोना पर विजय पाएंगे। पूर्व विधायक ने कहा कि वह कोविड अस्पताल हमीरपुर में मरीजों के लिए लंगर की व्यवस्था करना चाहते थे, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने उन्हें बताया कि मरीजों को रोजाना भोजन की पूर्व में व्यवस्था हो चुकी है। अस्पताल में भर्ती कई मरीज हैं, जिन्हें पीने के लिए गर्म पानी की आवश्यकता है। इसलिए उन्होंने पानी गर्म करने वाली इलेक्ट्रिक कैटल जिनकी कीमत करीब पचास हजार के करीब है, भेंट कीं। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. सुमन यादव, कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।