नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के तहत जंगलू गांव में कुत्ते के काटने पर मालिक के खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है। गौन गांव निवासी अजय कुमार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में एक व्यक्ति पर आरोप लगाया है कि उसके पालतू कुत्ते ने उसे काट लिया है। अजय का कहना है कि वह नादौन बड़ा संपर्क मार्ग पर जंगलू गांव में गाड़ियां धोने का काम करता है। उसने बताया कि इस स्थल के पास काफी संख्या में कुत्ते घूम रहे हैं।
इन्हीं में से एक ने उस पर हमला कर काट लिया है। अजय ने बताया कि यहां एक परिवार की ओर से काफी संख्या में बेसहारा कुत्तों को रखा गया है। पिछले दिनों भू मालिक की ओर से उन्हें रखने के लिए बनाए शेड को खाली करवाया गया था। अब यह कुत्ते इसी स्थल के आसपास सड़क किनारे घूम रहे हैं। वहीं, गगाल गांव निवासी अमरजीत सहित अन्य लोगों ने बताया कि उक्त स्थल पर इधर-उधर घूम रहे कुत्तों के कारण उन्हें परेशानी हो रही है। एसपी हमीरपुर डाॅ. आकृति शर्मा ने कहा कि थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।