नादौन (हमीरपुर)। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा है कि नादौन में आयुर्वेद क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें शीघ्र ही तलाशने का प्रयास किया जाएगा। नादौन में पूर्व ओएसडी डॉ. अशोक शर्मा के घर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि स्थानीय लोगों ने नादौन में आयुर्वेदिक अस्पताल खोलने की मांग की है। इस संबंध में शीघ्र ही प्रयास किया जाएगा। प्रदेश में जयराम सरकार की ओर से 1250 चिकित्सकों की तैनाती की गई है और लक्ष्य निर्धारित किया गया है कि आगामी एक वर्ष में चिकित्सकों की कमी को पूरा कर लिया जाएगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को पूरा करने का भी प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश भर में हिमाचल एक ऐसा राज्य है जहां पर जनसंख्या के अनुपात में सबसे अधिक मेडिकल कॉलेज हैं। नादौन में भी चार विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई है। जिसमें स्त्री रोग और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ भी शामिल हैं। शीघ्र ही यहां पर पूरा स्टाफ उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। नादौन अस्पताल के भीतर सस्ती दवाइयों की दुकान खोलने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये भी संयोग की बात है कि धूमल ने बतौर मुख्यमंत्री जिस अस्पताल भवन परिसर का शिलान्यास किया था आज उनके पुत्र एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने उस भवन का लोकार्पण किया गया है।