एसडीएम ने विभिन्न विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों और बैंकों के अधिकारियों को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज (हमीरपुर)। एसडीएम शशिपाल शर्मा ने सभी बैंकों, विभिन्न विभागों, बोर्डों-निगमों और अन्य सार्वजनिक उपक्रमों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे 2 दिन के भीतर निष्क्रिय बैंक खातों का पता लगाएं। सभी खातों की केवाईसी सुनिश्चित करें। जिन बैंक खातों का ब्याज सरकार को जाना है, उनकी भी केवाईसी करें। निष्क्रिय बैंक खातों के संबंध में सोमवार को मिनी सचिवालय में आयोजित बैठक के दौरान एसडीएम ने ये निर्देश दिए।उ
न्होंने कहा कि इस बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों एवं सार्वजनिक उपक्रमों की ओर से संचालित निष्क्रिय बैंक खातों की स्थिति की समीक्षा करना और उन्हें दोबारा सक्रिय करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाना है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों और उपक्रमों के कई बैंक खाते लंबे समय से निष्क्रिय हैं। इनमें से कई खातों में धनराशि भी पड़ी हुई है। प्रदेश सरकार ने इन सभी बैंक खातों की केवाईसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसलिए सभी संबंधित विभाग और सार्वजनिक उपक्रम अपने-अपने बैंक खातों की जांच कर लें और सरकार के आदेशों की अनुपालना के लिए त्वरित कदम उठाएं। बैंकों के प्रतिनिधियों को भी इस कार्य में पूर्ण सहयोग प्रदान करें। बैठक में तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, खंड विकास अधिकारी कुलवंत सिंह सहित अन्य विभागों के अधिकारी और बैंकों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
समाचार नवीन : विजय
भोरंज मिनी सचिवालय में निष्क्रिय बैंक खातों के संबंध में आयोजित बैठक करते हुए एसडीएम शशिपाल शर्मा। स्रोत : जनसंपर्क विभाग