बिझड़ी(हमीरपुर)। उपायुक्त हमीरपुर एवं मंदिर आयुक्त देवश्वेता बनिक ने शनिवार शाम को प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध की नगरी का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान अपर से लेकर लोअर बाजार के अलावा मंदिर भवन का भी निरीक्षण किया।
इस दौरान मंदिर न्यास के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी उचित दिशा निर्देश दिए। देबश्वेता ने मुख्य तौर पर मंदिर परिसर में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाने के अलावा मास्क का उपयोग करवाने के भी दिशा-निर्देश यहां पर मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों को दिए। उन्होंने रजिस्ट्रेशन एवं थर्मल स्क्रीनिंग काउंटरों का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने मंदिर परिसर उचित सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। शनिवार से मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटों के लिए खोल दिया है। इसके अलावा मंदिर के मुख्य गेट नंबर पांच तक वाहन लाने के लिए श्रद्धालुओं को मंदिर अधिकारी से अनुमति लेनी होगी। बिना अनुमति के वाहन मुख्य गेट तक नहीं आएंगे। ऐसे में वाहन गेट नंबर एक और दो के पास बनी पार्किंग में ही पार्क होंगे। इस मौके पर उनके साथ एसडीएम बड़सर शशि पाल शर्मा के अलावा मंदिर अधिकारी अजय कुमार, मंदिर न्यास के ट्रस्टी पवन जगोता एवं रमेश शर्मा भी मौजूद रहे।