स्थानीय बाजार हमीरपुर में भाई दूज पर्व को लेकर खरीदारी करतीं महिलाएं। (संवाद)
हमीरपुर। जिलाभर में रविवार को दिवाली का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया गया। गणेश-लक्ष्मी की पूजा कर लोगों ने सुख समृद्धि की कामना कर दीये जलाए।
कार्तिक अमावस्या पर सुबह लोगों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की। शहरभर में व्यापारियों, लोगों ने दीपक और रंग बिरंगी झालरों से दुकानों और घरों को सजाया। उपायुक्त हेमराज बैरवा और उनकी पत्नी ज्योति बैरवा ने सुजानपुर के बाल आश्रम के बच्चों के साथ दिवाली मनाई। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को मिठाइयां, पटाखे और अन्य उपहार देकर दिवाली की खुशियां मनाईं।
उन्होंने बच्चों के साथ काफी समय बिताकर दीपों के पर्व की खुशियां साझा कीं। उपायुक्त ने बाल आश्रम के प्रभारी और जिला बाल संरक्षण अधिकारी से बच्चों को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न सुविधाओं और त्योहारी भत्ते के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, कॅरियर काउंसलिंग और अन्य सुविधाओं के बारे में भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी तिलक राज आचार्य, आश्रम के प्रभारी और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने अपने निवास स्थान समीरपुर में परिवार सदस्यों के साथ दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया। इस दौरान भाजपा नेता एवं समाजसेवी विजय बहल ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के निवास स्थान पहुंचकर उन्हें दिवाली की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और आईपीएल के अध्यक्ष अरुण धूमल को भी दिवाली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वहीं, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने हमीरपुर शहर में आम लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ दिवाली मनाई। शहरवासी और पार्टी कार्यकर्ता सुनील शर्मा बिट्टू को दिवाली की बधाई देने उनके निजी आवास पर पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार ने भी सभी को दिवाली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।