हमीरपुर। विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए जिले के शिक्षण संस्थानों में निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में 18 नवंबर को बलिदानी कैप्टन मृदुल शर्मा स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी।
विज्ञापन
एडीसी अभिषेक गर्ग ने वीरवार को निर्वाचन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार शिक्षण संस्थानों और जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में ये प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र स्तर पर निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के 10-10 श्रेष्ठ प्रतिभागी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। एडीसी ने अधिकारियों, उपनिदेशक उच्च शिक्षा और स्कूल प्रधानाचार्यों को प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय पर पूरे करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
बैठक में निर्वाचन विभाग के तहसीलदार विजय शर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा देशराज डोगरा, प्रधानाचार्य दीप्ति राणा, नायब तहसीलदार बलवंत सिंह और डॉ. ललित कुमार, अधीक्षक कमलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।