नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के कांगू में हमीरपुर जिले की पहली एयर राइफल और पिस्टल शूटिंग रेंज स्थापित की जा रही है। इसका निर्माण कार्य अंतिम स्तर पर है और जल्द ही इसका लोकार्पण कर दिया जाएगा। हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने कांगू कस्बे में निर्माणाधीन एयर-राइफल एवं एयर-पिस्टल शूटिंग रेंज के कार्य का निरीक्षण करने के बाद कहा कि इस रेंज के निर्माण के लिए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस शूटिंग रेंज के खुल जाने के बाद समूचे विधानसभा क्षेत्र के युवाओं को काफी लाभ होगा। कांगू इलाका विधानसभा क्षेत्र के ठीक मध्य में स्थित है। इसलिए इस जगह तक पहुंच पाना हर किसी के लिए बेहद सुलभ और आसान है। प्रदेश सरकार युवाओं के कल्याण के लिए वचनबद्ध है। इसी युवा वर्ग के कंधों पर देश का भविष्य टिका हुआ है। उनके साथ भाजपा की मंडल इकाई के अध्यक्ष हरदयाल ठाकुर, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के संयोजक अजय ठाकुर, मालग पंचायत से बूथ प्रधान जगराज ठाकुर, रजनीश ठाकुर, रिंकू, कैप्टन किशोर चंद, अशोक कुमार, कर्म सिंह बग्गू, अवतार सिंह, प्रवीण कुमार, इकबाल सिंह आदि मौजूद रहेे।