भोटा (हमीरपुर)। नगर पंचायत के तहत अब लोगों को शीघ्र ही सीवरेज की सुविधा मिल जाएगी। लंबे समय से बंद पड़ी सीवरेज लाइन का कार्य शुरू हो गया है। इसे दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
भूमि का विवाद सुलझने के बाद 8.89 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण और सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। बता दें कि नगर पंचायत भोटा के बाशिंदों को सीवरेज लाइन से जोड़ने के लिए 2018 में आठ करोड़ 89 लाख रुपये की डीपीआर तैयार की गई है। इसके बाद 2020 में कार्य शुरू किया गया।
इसके बाद दो वर्ष तक कार्य निर्विघ्न चलता रहा, लेकिन 2022 में सीटीपी प्लांट के निर्माण को लेकर चिह्नित की गई भूमि को लेकर विवाद हो गया। इसके कारण यह कार्य अधर में लटक गया। लंबे प्रयास के बाद अब इस विवाद को सुलझा लिया गया है तथा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। सीवरेज लाइन के तहत 500 कनेक्शन प्रदान किए जाएंगेए जिससे पूरा भोटा शहर को कवर किया जाएगा।
इसके अलावा भोटा में स्थित राधा स्वामी सत्संग घर में बाबा जी के आने के समय बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की संख्या को भी ध्यान में रखा गया है। सीवरेज लाइन का कार्य बंद होने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अधिकारियों का कहना है कि इसमें आने वाले समय में भी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसमें लोगों के घरों के अलावा स्थानीय शौचालयों को भी शामिल किया गया है।
कोट :
नगर पंचायत भोटा में सीवरेज लाइन का कार्य शुरू हो गया है। इसमें करीब आठ करोड़ 89 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें सार्वजनिक शौचालयों को भी जोड़ा गया है।
-हर्ष शर्मा, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग, बड़सर