हमीरपुर। जिले में अक्तूबर के दौरान अस्पतालों में हुए प्रसव और नवजात बच्चों को जन्म के समय लगाई जाने वाली हेपेटाइटिस-बी वैक्सीन के आंकड़ों में अंतर सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एचएमआईएस और यू-विन पोर्टल के आंकड़ों की तुलना करने पर जीवित जन्म के रिकॉर्ड में 19 का अंतर पाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, एक से 30 अक्तूबर 2026 तक जिले के विभिन्न डिलीवरी पॉइंट पर कुल 555 जीवित जन्म दर्ज किए गए। इनमें एचएमआईएस पोर्टल पर सभी 555 जन्मों की एंट्री है, जबकि यू-विन पोर्टल पर 536 जन्म ही दर्ज किए गए हैं। इस तरह दोनों पोर्टल के रिकॉर्ड में 19 का अंतर सामने आया है।
वहीं, नवजात बच्चों को जन्म के समय लगाई जाने वाली हेपेटाइटिस-बी वैक्सीन की खुराक के रिकॉर्ड में भी अंतर है। एचएमआईएस पोर्टल पर 548 बच्चों को जन्म खुराक दिए जाने की एंट्री है, जबकि यू-विन पोर्टल पर यह आंकड़ा 536 है। दोनों पोर्टल के रिकॉर्ड में 12 का अंतर है।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भी दोनों पोर्टल के आंकड़े एक समान नहीं हैं। यहां एचएमआईएस पोर्टल पर 384 और यू-विन पोर्टल पर 377 जीवित जन्म दर्ज किए गए हैं। इस तरह मेडिकल कॉलेज के रिकॉर्ड में भी सात का अंतर सामने आया है।
कोट
पोर्टल पर आंकड़ों की समयबद्ध एंट्री सुनिश्चित करने के लिए संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को समय-समय पर निर्देश दिए जाते हैं। विभाग का प्रयास है कि सभी डिलीवरी पॉइंट पर प्रसव और टीकाकरण से संबंधित जानकारी दोनों पोर्टल पर समय से दर्ज हो, ताकि आंकड़ों में एकरूपता बनी रहे।
-डॉ. सतीश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी हमीरपुर