हमीरपुर। संयुक्त मोर्चा ऑफ एक्स सर्विसमैन (जेसीओ एवं ओआर) के प्रदेशाध्यक्ष सेवानिवृत्त कैप्टन जगदीश वर्मा ने कहा कि पूर्व सैनिकों को सरकार द्वारा दिया गया वन रैंक वन पेंशन का लाभ नहीं मिल पाया। मोर्चा पदाधिकारियों का कहना है कि सतारूढ़ भाजपा के साथ कांग्रेस के घोषणा पत्र में इसको लेकर कुछ स्पष्ट नहीं किया गया है। ऐसे में दोनों ही दलों के खिलाफ पूर्व सैनिकों में रोष है।
प्रदेशाध्यक्ष कैप्टन जगदीश वर्मा, महासचिव लेफ्टिनेंट रमेश तपवाल, सूबेदार मेजर रोशन लाल चौहान ने कहा कि संगठन ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा की चुनाव घोषणा पत्र की कमेटी के अध्यक्ष राजनाथ सिंह को बीते माह एक पत्र लिखा था। इसमें एक रैंक एक पेंशन के मुद्दे को गंभीरता से विचार करके दोनों दलों से इसे चुनावी घोषणा पत्र में जोड़ने की मांग की गई थी। मगर दोनों ही पार्टियों ने अपने लोकसभा चुनाव के चुनावी घोषणा पत्र में पूर्व सैनिकों के इस मुद्दे को नहीं जोड़ा। इससे सैनिकों में दोनों दलों के प्रति भारी आक्रोश और विरोध पनप रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार बताने के बावजूद भी सरकार उनकी मांग को तवज्जो नहीं दे रही है जोकि निराशाजनक है।