सुजानपुर (हमीरपुर)। उपमंडल सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान में चल रहे राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव में चारों ओर गंदगी पसरी हुई है। जिससे गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। हालत यह है कि लोग चौगान में जाने से भी कतरा रहे हैं। मुख्य बाजार से चौगान मुख्य गेट पर प्रतिदिन कूड़े के ढेर लग रहे है और मेले में दुकानदारों के लिए बनाए गए अस्थायी शौचालयों में भी गंदगी भरी हुई है।
स्थानीय लोगों रमेश चंद, प्रदीप कुमार, रामपाल राणा और आकाश वालिया आदि ने कहा कि राष्ट्रीय होली मेले के लिए चौगान में सफाई व्यवस्था बरकरार रखने के लिए ठेका दिया जाता है। इस वर्ष भी सफाई व्यवस्था बरकरार रखने के लिए ठेका दिया गया है लेकिन सफाई को लेकर किसी भी प्रकार का कार्य नहीं किया जा रहा है। जिससे गंदगी फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मैदान में हालात यह है कि कूड़े की दुर्गंध से बाजार तक दुकानदारों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वर्ष प्रशासन की ओर से सफाई ठेके पर लापरवाही बरती जाती है। जिसका खामियाजा अन्य लोगों को भुगतना पड़ता है। वहीं, इस बारे में नगर परिषद सुजानपुर के ईओ संजय कुमार ने कहा कि चौगान में सफाई को लेकर अलग से टेंडर होता है। नगर परिषद की ओर से सभी वार्डों में सुचारू रूप से सफाई करवाई जा रही है। बाक्स: चौगान की एंट्री पर बना दिया डंपिंग पॉइंट,
चौगान की एंट्री पर ही कूड़ा रखने के लिए डंपिंग प्वाइंट बना दिया गया है। साथ ही होटल हैं, अन्य खाने-पीने की दुकानें हैं, इसके साथ ही मुख्य सड़क है लेकिन चौगान का सारा कूड़ा इक्ट्ठा करके चौहान की एंट्री प्वाइंट पर ही डंप किया जा रहा है। बारिश होने के चलते कूड़े के ढेर से बदबू इतनी फैल रही है कि लोगों का यहां से निकलना दूभर हो रहा है। शहर के कई लोगों का कहना है कि उन्होंने चौगान की तरफ जाना ही बंद कर दिया है।
अस्थायी शौचालयों की हालत खस्ता
चौगान में ही होली मेला कमेटी द्वारा अस्थायी शौचालय चौगान में ही बनाए गए हैं लेकिन यह शौचालय पूरी तरह से गंदगी से भर गए हैं। आलम यह है कि लोगों का यहां से भी गुजरना मुश्किल हो गया है।