बारिश से डिडवीं-ताल मार्ग ने धारण किया तालाब का रूप। संवाद
डिडवीं टिक्कर (हमीरपुर)। बारिश के कारण डिडवीं-ताल सड़क ने तालाब का रूप ले लिया। बीती रात से जारी बारिश के कारण सड़क पर चलना जोखिमपूर्ण हो गया है। इस मार्ग पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। बारिश से इन गड्ढों में पानी भर गया। पैदल चलने वाले राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया वाहन चालक भी सावधानीपूर्वक इस मार्ग से गुजर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि लोक निर्माण विभाग से इस मार्ग की मरम्मत की कई बार गुहार लगाई लेकिन अभी तक मार्ग की मरम्मत नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि अभी से सड़क का यह हाल है तो बरसात के दौरान स्थिति और भी खराब हो जाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत करने का आग्रह किया है।
वहीं बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिल गई। अंधड़ के कारण बड़सर, हमीरपुर में चार बिजली के पोल गिर गए। कई जगह लाइनें टूट गई। कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही। हालांकि बोर्ड कर्मियों ने जल्द ही बिजली सेवा को बहाल कर दिया। नादौन, बड़सर और हमीरपुर में करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
बारिश के दौरान अंधड़ भी चला था। इस कारण बिजली पोल गिरे हैं। जिला में करीब छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। जल्द ही बिजली सेवा को बहाल कर दिया गया।
-आशीष कपूर, एसई, बिजली बोर्ड हमीरपुर