आंत और शरीर के अन्य हिस्सों में करता है संक्रमण, दूषित पानी रही मुख्य वजह
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। स्वास्थ्य खंड टौणी देवी में डायरिया फैलने के बाद लिए गए स्टूल सैंपल की रिपोर्ट आ गई है। इनमें ई. कोलाई बैक्टीरिया पाया गया है। यह बैक्टीरिया दूषित पानी के इस्तेमाल से आंत में संक्रमण पैदा करता है। इससे डायरिया जैसे रोग फैलते हैं। ई. कोलाई बैक्टरीया का एक समूह है जो आंत (जीआई पथ) और शरीर के अन्य हिस्सों में संक्रमण पैदा कर सकता है। अधिकांश समय आंत में भी रह जाता है। दूषित पानी के सेवन से दस्त, उल्टी और बुखार आदि होता है। स्वास्थ्य खंड टौणी देवी में डायरिया फैले 15 दिन के करीब समय हो गया है। प्रतिदिन यहां डायरिया के केस आ रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने 10 स्टूल सैंपल मेडिकल कॉलेज टांडा भेजे थे ताकि यह पता लगाया जा सके कि पानी में कौन सा बैक्टीरिया है, जिस कारण डायरिया फैला। अब इसकी रिपोर्ट आ गई है। इसमें ई. कोलाई बैक्टीरिया पाया गया है। यह अक्सर दूषित पानी के इस्तेमाल से पनपता है। ऐसे में अब लापरवाही पर जल शक्ति विभाग पर कार्रवाई हो, इसकी लोग मांग कर रहे हैं। क्षेत्र में एक साथ कई गांवों में डायरिया फैल गया और कई लोग अस्पताल में दाखिल रहे। लोगों का कहना है कि अगर जल शक्ति विभाग समय पर पानी के टैंकों की सफाई करे तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती। इस बारे में सीएमओ हमीरपुर डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि स्टूल सैंपलों की रिपोर्ट आ गई है।