बाईपास हमीरपुर में यहां पर 72 कनाल में बनेगा अत्याआधुनिक बसस्टैंड हमीरपुर
हमीरपुर। 2011 में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के कार्यकाल में देखा गया सपना 12 वर्ष बाद सुक्खू सरकार में पूरा होता दिख रहा है। धूमल के ड्रीम प्रोजेक्ट बस स्टैंड हमीरपुर को सुक्खू सरकार ने दो करोड़ की पहली किस्त जारी कर दी है। लोक निर्माण विभाग हमीरपुर को यह किस्त मिल चुकी है। 72 कनाल भूमि में बाईपास हमीरपुर में 40 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक बस अड्डे का निर्माण होगा। इसका नक्शा भी तैयार कर लिया गया है। हालिया हमीरपुर दौरे में सीएम सुक्खू ने बस स्टैंड हमीरपुर को दो कराेड़ की किस्त जारी करने की घोषणा की थी।
वीरभद्र और जयराम सरकार में हाशिये पर रहे इस प्रोजेक्ट को लेकर 12 साल के अरसे में खूब राजनीति हुई है। धूमल सरकार में इस बस स्टैंड को पीपीपी मोड पर बनाने के लिए शिलान्यास के बाद कंपनी ने कुछ कार्य तो किया लेकिन सरकार बदलते ही यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में पड़ गया। निर्माण कार्य का जिम्मा लेने वाली कंपनी ने हाथ पीछे खींच लिए। धूमल सरकार में यहां पर बसस्टैंड की जमीन को समतल करने का कार्य हुआ। जहां एचआरटीसी बसें पार्क की जाती हैं। 12 वर्षों से दो सरकारें बदल गईं लेकिन धूमल का यह ड्रीम प्रोजेक्ट एक इंच आगे नहीं बढ़ा। अब खास बात यह है कि कांग्रेस की सुक्खू सरकार में इस बस स्टैंड का निर्माण पीपीपी मोड के बजाए खुद सरकार कर रही है। लोक निर्माण विभाग दो करोड़ की किस्त मिलने के बाद नक्शा तैयार करने के साथ अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने में जुट गया है। नक्शा और अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद टेंडर आवंटन से पूर्व प्रशासनिक मंजूरी के लिए सचिव ट्रांसपोर्ट को प्रस्ताव भेजा जाएगा। उम्मीद है कि दो माह में टेंडर आवंटन के साथ यहां पर बसस्टैंड का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
छह मंजिला बनेगा बसस्टैंड, लगेगी लिफ्ट और बनेंगे रैंप
अत्याधुनिक बसस्टैंड हमीरपुर छह मंजिला होगा। दो तलों पर कार पार्किंग और दो तलों पर बसों के लिए काउंटर होंगे। इसके अलावा एक तल पर एचआरटीसी के कार्यालय, रेस्ट रूम और ऑफिस का निर्माण भी होगा। एक तल पर दुकानों का निर्माण किया जाएगा। इस आधुनिक बसस्टैंड में लिफ्ट और रैंप की सुविधा भी होगी।
कोट
एचआरटीसी हमीरपुर डिवीजन के डीएम एएस कंवर ने कहा कि लोक निर्माण विभाग हमीरपुर को दो करोड़ की पहली किस्त जारी हो गई है। 72 कनाल भूमि में 40 करोड़ की लागत से इस आधुनिक बसस्टैंड का निर्माण होगा।
लोक निर्माण विभाग हमीरपुर के अधिशाषी अभियंता दीपक कपिल ने कहा कि दो करोड़ की पहली किस्त विभाग को मिल गई है। बस स्टैंड का नक्शा भी तैयार कर लिया गया है। जल्द ही प्रशासनिक मंजूरी के लिए सचिव ट्रांसपोर्ट को प्रस्ताव भेजा जाएगा।