भरेड़ी (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत जख्योल के धमरोला गांव के लोगों का पीठ से बोझ कम होने वाला है। यह गांव जल्द सड़क सुविधा से जुड़ जाएगा। 300 की आबादी वाले इस गांव के लिए 200 मीटर सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। इससे 50 परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इस कार्य के लिए 6.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
जेसीबी लगाकर निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित इस गांव के लोग अब सीधे अपने घर तक वाहन ले जा पाएंगे। सड़क न होने के कारण गांव में बीमार व्यक्तियों को पीठ पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता था।
इससे न केवल समय की बर्बादी होती थी बल्कि मरीजों की जान को भी खतरा बना रहता था।अब इस समस्या से लोगों को निजात मिलेगी।
ग्रामीण अतुल, विजय, कशिश, मनोरमा, कंचन और ललित आदि ने कहा कि अब उन्हें स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं तक पहुंच आसान हो जाएगी। पहले विद्यार्थियों को भी शिक्षा ग्रहण करने के लिए अन्य जगहों पर कमरे किराए पर लेने पड़ते थे क्योंकि गांव के लिए सड़क नहीं थी और आने जाने की समस्या रहती थी।
महिलाओं, बुजुर्गों व बच्चों को कहीं जाना होता था तो काफी दिक्कत होती थी। रात के समय आपात स्थिति में कहीं जाना पड़ जाए तो भी लोगों के पास कोई साधन नहीं था। अब सभी को राहत मिलेगी। गांव के लोगों ने इस पहल के लिए आभार भी जताया है।
सड़क का निर्माण शुरू कर दिया है। शीघ्र ही कार्य को पूरा कर लोगों को घरद्वार सड़क सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। -राकेश कुमार, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग भोरंज