संवाद न्यूज एजेंसी
दियोटसिद्ध(हमीरपुर)। नववर्ष के आगाज के लिए बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 31 दिसंबर और पहली जनवरी को नववर्ष के मौके पर मंदिर 24 घंटे खुला रहेगा।
रविवार को मंदिर परिसर में 20 हजार श्रद्धालुओं ने कतारों में लगकर रोट चढ़ाकर पौणाहारी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह मंदिर में आरती होने के बाद श्रद्धालुओं ने कतारों में लग एक-एक कर पवित्र गुफा के दर्शन किए।
मंदिर में प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों के श्रद्धालुओं ने नववर्ष की संध्या पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर मंदिर न्यास से अनुमति ली और कार्य को लेकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की भी अनुमति ली।
वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्यास की ओर से तैयारियां करवाई जा रही है। रविवार को दिनभर मंदिर परिसर बाबा के जयकारों से गूंजता रहा। हाथों में प्रसाद की टोकरी और झंडा लेकर श्रद्धालु बाबा का गुणगान करते रहे। नववर्ष पर मंदिर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कर्मचारी दिनभर कार्य करते रहे। नववर्ष पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में शीश नवाते हैं। इसके लिए रंग-बिरंगे फूलों से बाबा के दरबार को सजाया जा रहा है।
इस बार भी महंत राजेंद्र गिरी के निवास पर विशाल मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा बाबा की भेंटों का गुणगान किया जाएगा। इस दौरान बाबा जी की चौकी का भी आयोजन होगा और महंत की ओर से भक्तों को नाम-दान की दीक्षा भी दी जाएगी।
बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में दर्शनों के लिए कतारों में लगे श्रद्धालु। संवाद