बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में माल वाहक वाहनों में आते श्रद्धालु। संवाद
- फोटो : mathura
रंगस(हमीरपुर)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर में चैत्र माह मेलों के चलते काफी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु प्रतिदिन नियमों को ताक कर दोपहिया वाहनों में एक साथ तीन जबकि मालवाहकों में पीछे लटक कर यात्रा कर रहे हैं। जिससे हादसों का खतरा बना हुआ है। पुलिस प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई न होने पर श्रद्धालु लगातार नियमों की अवहेलना कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों सुरेंद्र कुमार, विपिन शर्मा, सुदेश राणा, मीरा देवी, पूनम, समीर, युगेश आदि ने कहा कि यातायात नियमों का पालन न करने पर कई बार श्रद्धालु दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। तीखे मोड़ो पर दुर्घटनाएं घटित होने के बाद भी श्रद्धालु मालवाहक वाहनों में बैठ कर ही यात्रा कर रहे हैं। जिस पर प्रशासन की ओर से कोई भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने नियमों की अवहेलना करने वाले श्रद्धालुओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस की ओर से ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। यहां तक कि यातायात नियम के तहत इनके चालान भी किए जा रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने आग्रह किया है।
-लालमन शर्मा, डीएसपी बड़सर