पंचायत समिति बिझड़ी की बैठक में मौजूद प्रतिनिधि और अधिकारी।
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। ब्लॉक समिति भवन बिझड़ी में नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों की पहली बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष मंजू कुमारी ने की। इस दौरान ब्लॉक की 52 पंचायतों के 25 पंचायत समिति सदस्य और सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सीडीपीओ एचडी भाटिया ने सरकार की योजनाओं के बारे में पंचायत समिति सदस्यों को अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाके में इन योजनाओं को लोगों को बताएं। पशुपालन विभाग के डॉक्टर सुभाष ने पंचायत समिति सदस्यों को कहा कि सरकार एक पशु पर डेढ़ लाख तक का ऋण बिना धरोहर के दे रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों को ऋण लेने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर उद्यान विभाग के डॉ. हेमराज ने खेतों के चारों और तारबंदी के बारे में जानकारी दी। बीडीओ बिझड़ी राजेश कुमार ने पंचायत समिति सदस्यों को कहा कि सभी सदस्य एकजुटता से कार्य करते हुए विभिन्न सामाजिक विकास कार्यों को अपने-अपने क्षेत्रों में करवाएं।