सुजानपुर (हमीरपुर)। स्वास्थ्य विभाग ने मॉडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंगलबेरी में कार्यरत चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति रद्द कर दी है। अब स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत दोनों चिकित्सकों डॉ. सुरेंद्र डोगरा और डॉ. पल्लवी सप्ताहभर सेवाएं देंगे। अमर उजाला ने 31 जनवरी के अंक में मॉडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंगलबेरी में कार्यरत चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति के मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने दोनों चिकित्सकों को प्रतिनियुक्ति रद्द कर दी है।
ग्रामीणों समाजसेवी सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर प्यार चंद ठाकुर, बगहेड़ा पंचायत प्रधान रजनी वाला, बेरी पंचायत प्रधान रेखा शर्मा, जंगलबेरी पंचायत प्रधान प्रेमलता, चंपा रानी, चंदा देवी और पुरुषोत्तम ने मॉडल पीएससी स्वास्थ्य केंद्र जंगलबेरी में कार्यरत चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति रद्द करने पर स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को चिकित्सक न होने से इलाज कराने में दिक्कत हो रही थी लेकिन अब मरीजों को इलाज कराने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में सीएमओ हमीरपुर की ओर से चिकित्सकों को अन्य जगह प्रतिनियुक्ति पर नियुक्त कर दिया गया था जिससे मरीजों को खासी दिक्कत झेलनी पड़ रही थी लेकिन अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की स्थायी नियुक्ति हो गई है। सीएमओ हमीरपुर डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि मॉडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंगलबेरी में कार्यरत चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति रद्द कर दी है। अब चिकित्सक स्वास्थ्य केंद्र मेंं हर रोज सेवाएं देंगे।