हमीरपुर। उपायुक्त अमरजीत सिंह ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जिला सुशासन सूचकांक यानी डिस्ट्रिक्ट गुड गवर्नेंस इंडेक्स (डीजीजीआई) के सभी संकेतकों से संबंधित डाटा को अपडेट करें और इसे अतिशीघ्र जिला सांख्यिकीय अधिकारी कार्यालय को प्रेषित करें।
मंगलवार को यहां हमीर भवन में जिला सुशासन सूचकांक की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगर किसी संकेतक या योजना में विभाग का प्रदर्शन ठीक नहीं है, तो उसमें सुधार के लिए त्वरित कदम उठाएं। अगर किसी संकेतक में एक से अधिक विभाग या संस्थान शामिल हैं, तो इनके डाटा का संकलन भी सही होना चाहिए, ताकि विकास के सभी मानकों एवं संकेतकों में जिला के प्रदर्शन का सही आकलन किया सके।
उन्होंने बताया कि जिला सुशासन सूचकांक में हमीरपुर को वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए 35 लाख रुपये का द्वितीय पुरस्कार और वर्ष 2023-24 में 25 लाख रुपये का तृतीय पुरस्कार मिला था। अब वित्तीय वर्ष 2024-25 का डाटा अपलोड किया जाना है। यह अपडेटड डाटा 31 जुलाई से पहले जिला सांख्यिकीय अधिकारी कार्यालय में पहुंच जाना चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि अधिकांश संकेतकों में संबंधित विभागों का प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा है, लेकिन कई बार डाटा की अपलोडिंग या रिपोर्टिंग में चूक के कारण जिला की रैंकिंग गिर जाती है। इस बार यह चूक नहीं होनी चाहिए।