हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में दंत प्रत्यारोपण (डेंटल इंप्लांट) सुविधा प्रारंभ हो गई है। दंत चिकित्सा के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनुप्रिया शर्मा के निर्देशन में प्रारंभ की गई दंत प्रत्यारोपण की सुविधा प्रदेश के सरकारी संस्थानों में अपनी तरह की पहली सुविधा है। विभाग को अत्याधुनिक मशीनरी से सुसज्जित किया गया है और दंत प्रत्यारोपण के लिए विशेषज्ञों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। यह सुविधा रोगियों को बहुत ही सस्ती व सुलभ दरों पर उपलब्ध होगी और इसमें मानक जीवाणु नाशन एवं संक्रमण नियंत्रण प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अनिल चौहान ने कहा कि दंत प्रत्यारोपण में एक टाइटेनियम स्क्रयू को जबड़े में एक कृत्रिम दांत की जड़ के रूप में प्रतिस्थापित किया जाता है। इसे आगामी तीन माह तक जबड़ों में छोड़ दिया जाता है ताकि, यह जबड़ों की हड्डी के साथ एकीकृत हो सके। इसके उपरांत तीन से छह माह में इसके ऊपर क्राउन को जोड़ा जाता है। यह खोए हुए या टूटे हुए दांतों को बदलने की आधुनिक सर्जिकल तकनीक है।