सरकाघाट से दिल्ली और कांगड़ा से रोहड़ू रूट की बस न चलने से लोग परेशान
ग्रामीणों ने निगम से समस्या का समाधान करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
लदरौर(हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज की आधा दर्जन पंचायतों ने मुख्यमंत्री से हमीरपुर से भोटा, पट्टा, लदरौर, दधोल, घुमारवीं होकर दिल्ली और शिमला के लिए बस सेवा बहाल करने की मांग की है। ग्राम पंचायत अघार, नंधन, भगेटू, पट्टा, खरवाड़ और झरलोग के लोगों ने कहा कि दिल्ली के लिए सुबह के समय सरकाघाट से दिल्ली चलने वाली बस जो जाहू, लदरौर, पट्टा, अघार, भोटा होकर आती थी। पिछले कई दिनों से बंद है। इसी तरह सुबह के समय कांगड़ा से रोहड़ू चलने वाली बस भी एक सप्ताह से रूट पर नहीं आ रही है। इस कारण काम के चलते दिल्ली और शिमला के लिए बस लेने के लिए भोटा तक टैक्सी करके जाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों सविता मिन्हास, पूर्व प्रधान विक्रम शर्मा, पूर्व प्रधान झरलोग नरेश ठाकुर, झरलोग प्रधान मोनिका कुमारी, उप प्रधान नंधन हरिराम, उप प्रधान अघार अनिल कुमार ने कहा कि बस सेवा बंद होने से ग्रामीणों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दोनों बसें न चलने से उन्हें अपने गंतव्य की ओर जाने में दिक्कत झेलनी पड़ रही है। गरीब वर्ग के लिए टैक्सियों का किराया चुकाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि इस इलाके में यदि हमीरपुर डिपो से कोई भी बस शिमला या दिल्ली के लिए नहीं चलती है तो ग्रामीण चक्का जाम करने पर मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि हमीरपुर से इस इलाके के लिए बस चलाई जा सकती है। हमीरपुर से भोटा, मैड, उखली होकर चलने वाली दिल्ली और शिमला का एक- एक रूट वाया भोटा, अघार, पटटा, लदरौर- दधोल होकर भी किया जा सकता है।
कोट
रूट बंद होने पर कोई भी शिकायत नहीं आई है। रूट को बंद करने के बारे में कोई भी जानकारी नहीं है। इस बारे में पता कर लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा। -राजकुमार पाठक, डीएम, एचआरटीसी मंडल हमीरपुर