बड़सर (हमीरपुर)। हिमाचल प्रदेश ट्रेड वेलफेयर बोर्ड ने हमीरपुर जिले में कर्फ्यू के दौरान छूट को सुबह 8 से 12 बजे तक करने की मांग उठाई है। कर्फ्यू के दौरान प्रदेश में अलग-अलग जिलों में अलग-अलग समय पर बाजार खोले जा रहे हैं। हमीरपुर जिले में जहां कर्फ्यू की ढील 7 बजे से लेकर 11 बजे तक दी जा रही है, अब उसका समय 8 बजे से लेकर 12 बजे तक करने की मांग व्यापारियों ने उठाई है। 7 बजे दुकानदार दुकानों में पहुंच जाते हैं लेकिन, अधिकतर ग्राहक 8 बजे के बाद ही पहुंच रहे हैं। हिमाचल प्रदेश व्यापार वेलफेयर बोर्ड के सदस्य राकेश शर्मा ने सरकार से मांग की है कि जिलाधीश हमीरपुर को निर्देश दिए जाएं कि दुकानों का खोलने का समय हमीरपुर जिले में 8 बजे से 12 बजे तक किया जाए। राकेश शर्मा ने बताया कि विभिन्न भागों से व्यापारी इसमें बदलाव करने की मांग कर रहे हैं तथा उन्होंने यह मामला प्रदेश सरकार के समक्ष रखा है तथा उन्हें आश्वासन मिला है कि इस पर गोर करवाया जाएगा।