गृहकर पर कुंडली मार बैठे डिफाल्टर भवन मालिकों को नगर परिषद सुजानपुर ने नोटिस भेज हैं। बुधवार को सभी डिफाल्टर भवन मालिकों को नोटिस भेजने का कार्य शुरू कर दिया गया। नोटिस मिलने के एक सप्ताह के भीतर भवन मालिकों को गृहकर अदायगी का अल्टीमेटम दिया है।
इस अवधि में गृहकर न चुकाने पर उपभोक्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नप सुजानपुर के अंतर्गत सभी वार्डों में 50 से अधिक ऐसे भवन मालिक हैं जिन्होंने गृहकर की अदायगी नहीं की।
हालांकि, इन उपभोक्ताओं को 31 मार्च तक गृहकर चुकाने का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन अब तक गृहकर की अदायगी नहीं की गई है। इसके चलते नप ने डिफाल्टर भवन मालिकों को नोटिस भेजने का निर्णय लिया।
डिफाल्टरों को नोटिस मिलने के एक हफ्ते के भीतर गृहकर भरना होगा। गृहकर के साथ भवन मालिकों को 200 रुपये अतिरिक्त शुल्क भी जमा करवाना होगा। यह शुल्क नप नोटिस और डाक खर्च के एवज में वसूला जाएगा।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजकृष्ण शर्मा का कहना है कि सभी डिफाल्टर भवन मालिकों को नोटिस भेज दिए हैं। नोटिस के बावजूद गृहकर न चुकाने पर उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।