ऊना भोटा एनएच पर सलौणी के पास मृत पड़ा बारहसिंघा। संवाद
सलौणी (हमीरपुर)। ऊना-भोटा नेशनल हाईवे पर सलौणी कस्बे के पास पेट्रोल पंप से कुछ दूरी पर वीरवार सुबह 9:30 बजे के करीब किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से बारहसिंघा की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने जब बारहसिंघा को सड़क किनारे मृत पड़े देखा तो वन विभाग को घटना की सूचना दी।
झिरालड़ी ब्लॉक वन रेंज ऑफिसर पवना कुमारी ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही सालन बीट के गॉर्ड व फील्ड टीम को भेजकर बारहसिंघा के शव को कब्जे में लेकर जंगल में उसका अंतिम संस्कार करवा दिया। उन्होंने कहा कि बारहसिंघा लगभग दो वर्ष का था और उसकी मौत किसी अज्ञात गाड़ी की टक्कर से हुई है। विभाग घटना की छानबीन कर रहा है।