हमीरपुर। वृंदावन के लिए बस सेवा की मांग आज पूरी होने वाली है। पथ परिवहन निगम हमीरपुर डिपो ने इसके लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। हिमाचल के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री दोपहर बाद बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर इसे वृंदावन के लिए रवाना करेंगे। ककड़-वृंदावन बस रूट देर शाम 7:40 बजे हमीरपुर जिले से चलेगी जो अगले दिन सुबह 8:20 बजे वृंदावन सवारियों को लेकर पहुंचेगी।
इस बस का दिल्ली में भी कुछ देर के लिए ठहराव रहेगा। बस वाया फोरलेन भगेड़ से होते हुए चंडीगढ़ और फिर दिल्ली पहुंचेगी। इसके बाद बस वृंदावन के लिए रवाना होगी। रूट पर चलने वाली दूसरी बस वृंदावन से दोपहर दो बजे हमीरपुर के ककड़ के लिए रवाना होगी। जो अगले दिन की सुबह 3:30 बजे हमीरपुर जिले में पहुंचेगी। वृंदावन से वापसी पर बस दिल्ली में शाम 6:25 पर पहुंचेगी। हमीरपुरवासी काफी समय से वृंदावन के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग करते आ रहे थे जो 26 जनवरी को पूरी होने जा रही है। ककड़ से वृंदावन के लिए बस 842 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसके लिए एक सवारी के 853 रुपये किराया देना होगा। यात्रियों के लिए दूसरी बसों की तरह सीटें भी आरक्षित की गई हैं। 33 फीसदी महिलाओं, 10 फीसदी सीटें बच्चों के लिए आरक्षित की गई हैं। वरिष्ठ नागरिकों को वृंदावन जाने के दौरान पांच फीसदी आरक्षित सीटों की व्यवस्था की गई है।
बाक्स
पथ परिवहन निगम डिपो हमीरपुर के उपमंडलीय प्रबंधक राजकुमार पाठक ने बताया कि 26 जनवरी को हिमाचल के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ककड़-वृंदावन बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे जो वाया भगेड़ फोरलेन होते हुए जाएगी।