राष्ट्र स्तरीय कला उत्सव में चयतिन नादौन की दीप ज्योति कौंड़ल।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या नादौन की दीप ज्योति कौंडल ने राज्य स्तरीय कला उत्सव में अभूतपूर्व पेंटिंग बनाकर प्रदेश भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अब दीप ज्योति कौंडल राष्ट्र स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
विद्यालय के संस्कृत अध्यापक और गाइड नरेश मलोटिया शास्त्री ने कहा कि छात्रा राष्ट्र स्तरीय कला उत्सव में भाग लेने के लिए शुक्रवार को ऊना डाइट के लिए रवाना हो गईं। यह राष्ट्र स्तरीय कला उत्सव 15 और 16 जनवरी को आयोजित किया जा रहा है और प्रदेश में राज्य स्तरीय विविध प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजयी छात्र-छात्राएं ऑनलाइन इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। यह कार्यक्रम ऑनलाइन माध्यम से प्रदेश के भिन्न-भिन्न डाइट केंद्रों में आयोजित किए जा रहे हैं। पेंटिंग से संबंधित सभी कार्यक्रम ऊना डाइट में आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें विद्यालय की दीप ज्योति कौंडल अपने पिता हेमराज कौंडल और नादौन के बीआरसी अनिल धीमान के साथ राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इस उपलक्ष्य पर प्रधानाचार्य मीना कुमारी, मार्गदर्शक अध्यापकों नरेश मलोटिया शास्त्री और नरेंद्र सिंह ठाकुर सहित समस्त स्टाफ सदस्यों ने छात्रा को आशीर्वाद और शुभकामनाएं देकर ऊना डाइट केंद्र के लिए रवाना किया।