अवाहदेवी माता मंदिर परिसर में मंदिर कमेटी की बैठक के दौरान पदाधिकारी व सदस्य। संवाद
अवाहदेवी (हमीरपुर)। अवाहदेवी माता मंदिर परिसर में मंदिर कमेटी की आम सभा प्रधान रमेश चंद गुलेरिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कमेटी के सचिव ने बीते वर्ष का लेखा-जोखा सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया।
इस दौरान मंदिर परिसर और अवाहदेवी कस्बे में प्रस्तावित विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। आम सभा में मंदिर के पश्चिमी द्वार की ओर जाने वाले रास्ते पर सीढ़ियों का निर्माण, मंदिर परिसर में लिफ्ट लगाने और कस्बे में शौचालय बनाने सहित अन्य कार्यों पर विचार-विमर्श किया गया।
साथ ही मंदिर में माता का शयन कक्ष बनाने का निर्णय लिया गया। मैरिज हॉल की जमीन धंसने की समस्या को देखते हुए वहां डंगा लगाने का भी फैसला लिया गया। कमेटी पदाधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर के विकास से जुड़े कार्य चरणबद्ध तरीके से करवाए जाएंगे।
कमेटी प्रधान रमेश चंद गुलेरिया ने बताया कि आगामी चुनाव सोसाइटी एक्ट 2006 के प्रावधानों के तहत करवाए जाएंगे। सदस्यता लेने वाले सदस्य ही चुनाव में भाग ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि बंद की गई सदस्यता प्रक्रिया को आम सभा में दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया गया है। सदस्यता लेने की अंतिम तिथि 30 नवंबर निर्धारित की गई है। अब तक करीब 270 सदस्य बन चुके हैं।