वार्ड नंबर एक में एक करोड़ की लागत से बनेगा पार्क और पार्किंग
नपं नादौन की मासिक बैठक में विभिन्न मुद्दों पर हुई विस्तारपूर्वक चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन की मासिक बैठक वीरवार को अध्यक्ष शम्मी सोनी की अध्यक्षता में पंचायत कार्यालय में हुई। इसमें नगर पंचायत नादौन के विभिन्न वार्डों में होने वाले विकास कार्यों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में शहर के वार्ड एक में स्थित बावड़ियों के निकट करीब एक करोड़ की लागत से एक पार्क और पार्किंग का कार्य शीघ्र आरंभ करने, शहर में 24 घंटे पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए 50 लाख के विकास कार्य आरंभ करने का निर्णय लिया गया। मनगर पंचायत नादौन के अध्यक्ष शम्मी सोनी और सचिव रमन शर्मा ने कहा कि शहर के पत्तन बाजार स्थित पुस्तकालय में विश्राम गृह बनाने की योजना है। वहां कमरों के दो सेट बनाए जाएंगे। शहर के मुख्य चौराहों पर बड़ी स्ट्रीट लाइटों को व्यवस्थित करने, विभिन्न स्थानों पर बैठने के लिए बेंच, आवश्यकता अनुसार वाटर कूलर और शहर के विभिन्न जल स्रोतों की मरम्मत के साथ वहां टाइल लगाने का निर्णय लिया गया। रेन बसेरा का सौंदर्यीकरण करके इसे शीघ्र ही आम जनता को समर्पित किया जाएगा। शहर के इंद्रपाल चौक और बस अड्डा के बाहरी भाग का भी सौंदर्यीकरण किया जाएगा। स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शीघ्र ही नया टेंडर किया जाएगा तथा विभिन्न स्थानों पर बनाए गए शौचालय को भी शीघ्र जनता के लिए खोल दिया जाएगा। सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग एकत्रित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अब घरों से 50 और दुकानों से 80 रुपये का शुल्क लिया जाएगा। वहीं, व्यापार करने वालों से एनजीटी की ओर से तय दरों पर वसूली की जाएगी। परिवार रजिस्टर में सौ प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाएगा तथा नगर पंचायत के लिए एक आर्किटेक्ट की नियुक्ति भी करने का निर्णय लिया गया। बस अड्डा की इंद्रपाल मार्केट के क्षतिग्रस्त छज्जों को भी शीघ्र हटाया जा रहा है। शम्मी सोनी ने कहा कि शहर का सौंदर्यीकरण करके आगामी योजनाओं को भी अमलीजामा पहनाने के लिए कवायद आरंभ कर दी गई है ताकि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों को पूरा किया जा सके। इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष ऊषा सोंधी, पूर्व अध्यक्ष तरुण कपिल, पूर्व उपाध्यक्ष योगराज, सुषमा अवस्थी, अनीता देवी, अंजना कुमारी, कपिल शर्मा, मनोरमा देवी सहित स्टाफ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।