हमीरपुर। उपायुक्त देवश्वेता बनिक ने शुक्रवार को होम आइसोलेशन में चल रहे कोविड-19 संक्रमितों के घरों का दौरा कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति एवं अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने टौणीदेवी ग्रामीण क्षेत्र के टपरे, सलोट एवं भरनांग आदि गांवों में पृथकवास की अवधि में रहने वाले संक्रमित व्यक्तियों से मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए व्यक्तिगत तौर पर संपर्क कर उनका मनोबल बढ़ाया। देवश्वेता बनिक ने कहा कि पृथकवास में रह रहे लोग स्वयं को बिल्कुल अकेला महसूस न करें और सरकार सहित जिला व स्थानीय प्रशासन तथा विभागीय अधिकारी उनके साथ हैं।
घर में आइसोलेट व्यक्तियों की सहायता के लिए जिला प्रशासन की ओर से एक हेल्पलाइन नंबर 1077 भी जारी किया गया है। इस नंबर पर सप्ताह के सातों दिन चौबीसों घंटे चिकित्सक उपलब्ध रहते हैं। ऐसे में अगर पृथकवास के दौरान उन्हें किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सलाह की आवश्यकता महसूस होती है तो वे इस नंबर पर कॉल कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त स्थानीय स्तर पर भी चिकित्सा अधिकारी या निगरानी अधिकारी से सलाह अथवा सहायता ले सकते हैं। उपायुक्त ने संक्रमित व्यक्तियों की देखभाल करने वाले परिजनों से भी आग्रह किया कि वे स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी परामर्श का अवश्य पालन करें और कोविड-19 महामारी के संक्रमण को रोकने एवं नियंत्रित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी हमीरपुर डॉ. चिरंजी लाल एवं स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारी भी उनके साथ उपस्थित रहे।