उपायुक्त हमीरपुर मदन चौहान ने आईपीएच विभाग को शहर में लोगों को बेहतर पेयजल आपूर्ति देने के दिशा-निर्देश दिए हैं। पिछले कई दिन से जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित रहने की समस्या पर जिला प्रशासन ने कड़ा संज्ञान लिया है।
मंगलवार को उपायुक्त मदन चौहान की अध्यक्षता में नगर परिषद के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, आईपीएच और बिजली बोर्ड के अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई। उपायुक्त मदन चौहान ने कहा कि हमीरपुर शहर के सभी वार्डों में पेयजल सप्लाई को लेकर समयसारिणी तय की जाए ताकि लोगों को पानी की सप्लाई का इंतजार नहीं करना पड़े।
उन्होंने कहा कि आईपीएच अधिकारी पेयजल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें जिससे बरसात में जल जनित रोगों के फैलने की आशंका न रहे। बिजली की समस्या के समाधान के लिए भी बोर्ड अधिकारियों को कारगर कदम उठाने के दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि नप के पार्षदों की डिमांड पर शहर की बिजली व्यवस्था के सुचारु संचालन के लिए नियमित लाइनमैन नियुक्त करने के दिशा-निर्देश दिए। शहर में सीवरेज व्यवस्था को भी दुरुस्त करने के लिए उचित कदम उठाने के भी निर्देश दिए।
एडीसी रूपाली ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष सुलोचना देवी, उपाध्यक्ष दीप कुमार बजाज, पार्षद राजेश चौधरी, राजेश कुमार, राजेश शर्मा आदि मौजूद रहे।