धनेटा(हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र नादौन के तहत अमलैहड़ में निर्माणाधीन डे बोर्डिंग स्कूल जनवरी 2026 में बनकर तैयार होगा। बहुमंजिला भवन के दो ब्लॉकों में स्लैब डालने का कार्य पूरा हो गया है। अब तीसरे ब्लॉक का कार्य शुरू होगा।
इस भवन में विद्यार्थियों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके परिसर में शैक्षणिक के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों के लिए भी आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग धनेटा की ओर से कार्य को पूरा करने के लिए जनवरी तक का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि अप्रैल माह में नए शैक्षणिक सत्र शुरू होने पर स्कूल में प्राथमिक विंग के विद्यार्थियों का दाखिला प्रक्रिया शुरू हो सके।
तीन ब्लॉकों के बहुमंजिला भवन पर 25 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है। वर्तमान में स्कूल भवन का 33 फीसदी कार्य पूर्ण हो गया है। वहीं, शेष कार्य युद्धस्तर पर चला हुआ है, जिससे आगामी वर्ष तक प्राथमिक विंग के लिए एक ब्लॉक बनकर तैयार हो जाएगा। भवन निर्माण कार्य 125 कनाल भूमि पर हो रहा है।
स्कूल में विद्यार्थियों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस क्लासरूम खोलने के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला ग्राउंड, एनसीसी, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों के लिए आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, ताकि अभिभावकों को सरकारी स्कूल में निजी स्कूल की तर्ज पर सुविधाएं मिल सकें। शिक्षा विभाग व प्रदेश सरकार की ओर से आगामी सत्र 2026-27 में प्राथमिक विंग की कक्षाएं शुरू करने का निर्णय लिया गया है। ऐसे में विभाग की ओर से कार्य को प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है।
कोट
भवन में दो ब्लॉक में स्लैब डालने का कार्य पूरा हो गया है। तीसरे ब्लॉक का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। कार्य को पूरा करने के लिए जनवरी 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है।
-अमन कुमार, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग धनेटा