घर पर मास्क बनातीं डीएवी स्कूल हमीरपुर की छात्रा।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। डीएवी पब्लिक स्कूल हमीरपुर के छात्र भी कोरोना आपदा के समय अपनी भागीदारी निभाने में तत्पर हैं। स्कूल के विद्यार्थी रिदम और आशीष ने अपने माता-पिता की मदद से मास्क बनाने सीखे और अब ये छात्र अपने खाली समय में मास्क बनाने का कार्य जोर-शोर से कर रहे हैं। रिदम ने कहा कि वह ये मास्क गरीबों की सहायता और पुलिस कर्मचारियों के लिए बना रहीं हैं। वहीं, छात्र आशीष ने कहा कि वे इन मास्कों को किसी भी ऐसे व्यक्ति को बांट रहे हैं, जिसके पास मास्क खरीदने के लिए पैसे न हों और जो घर के आसपास बिना मास्क के घूम रहा हो।
डीएवी स्काउट एंड गाइड के और भी छात्र इस तरह के कार्य करने में अपना योगदान दे रहे हैं। लोगों को मास्क पहनने, सफाई व्यवस्था और अन्य नियमों का पालन करने को जागरूक कर रहे हैं। डीएवी प्रधानाचार्य विश्वास शर्मा ने कहा कि स्कूल के स्काउट एंड गाइड के छात्र अपने अध्यापकों के प्रोत्साहन से कोरोना महामारी के इस दौर में अपना योगदान दे रहे हैं और कुछ नए कार्य भी सीख रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चे जागरूकता से परिपूर्ण पेंटिंग, पोस्टर बनाकर एक दूसरे को ऑनलाइन भेज रहे हैं और लोगों को जागरूक कर रहे हैं।