बजट के अभाव में रोका हेलीपैड निर्माण कार्य, अभी तक नहीं हुआ पुन: शुरू
कार्य लंबित होने से हेलीपैड की निर्माण लागत बढ़ने के आसार
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। दाड़ला पंचायत में निर्माणाधीन हेलीपैड का कार्य बजट के अभाव में रुक गया है। छह माह बीतने के बाद भी यह कार्य पुन: शुरू नहीं हो पाया है। निर्माण कार्य लंबित होने से दिन-प्रतिदिन इसकी लागत बढ़ रही है। अभी तक 50 फीसदी ही कार्य संपन्न हुआ है। इस कार्य पर दो करोड़ की राशि खर्च की जा चुकी है। अभी दो करोड़ की राशि आना बाकी है। राशि न मिलने से लोक निर्माण विभाग ने हेलीपैड के निर्माण कार्य पर रोक बरकरार रखी है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़ला को पिछले कार्यकाल में गोद लिया था। वर्तमान में हेलीपैड में भूमि को समतल करके मैदान बनाने, मैदान के चारों ओर डंगे लगाने और सुरक्षा दीवार लगाने पर दो करोड़ की राशि खर्च की जा चुकी है। अब समतल मैदान को पक्का करने, वीआईपी रूम का निर्माण और क्रू रूम में विश्राम कक्ष, शौचालय, स्नानागार और रिसेप्शन (स्वागत कक्ष) का कार्य लंबित हैं। निर्माणाधीन हेलीपैड के कार्य को पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने बजट की डिमांड भेजी है लेकिन अभी तक राशि जारी नहीं हुई है। ग्रामीणों रेखा देवी, अशोक कुमार, कमलेश कुमार, कोमल ने कहा कि हेलीपैड का निर्माण कार्य होने से पंचायत पर्यटन की दृष्टि से विकसित होगी। इस बारे में लोक निर्माण विभाग टौणी देवी के अधिशासी अभियंता देवराज ने कहा कि दाड़ला पंचायत में हेलीपैड निर्माण के लिए 2 करोड़ की राशि खर्च की जा चुकी है। अभी तक 50 फीसदी कार्य पूरा हो गया है। अभी कार्य रोका गया है। 2 करोड़ और आएंगे। लंबित कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।