बड़सर(हमीरपुर)। घरयाणी गांव में पेयजल पाइपलाइन की सप्लाई में निकले कीड़ों की वायरल वीडियो के मामले में नया खुलासा हुआ है। इसका मुख्य कारण पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होना बताया गया है।
हैरानी की बात यह है कि यह पाइपलाइन उसी व्यक्ति के खेत में निकली, जिसने वीडियो सोशल मीडिया पर डाली थी। जल शक्ति विभाग की मानें तो क्षतिग्रस्त पाइप गोबर के एक बड़े ढेर के नीचे दबी हुई थी। पाइप के टूटेने से बाहरी गंदगी पानी की सप्लाई में मिल रही थी, इस कारण पानी में कीड़े दिखाई दिए।
कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पाइपलाइन की मरम्मत कर दी है और अब जलापूर्ति सामान्य कर दी गई है। जल शक्ति विभाग बड़सर के अधिशासी अभियंता ई. हर्ष शर्मा ने कहा कि ट्रीटमेंट प्लांट की तरफ से पानी पूरी तरह मानकों के अनुसार ट्रीट किया जा रहा है। विभाग की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि समस्या केवल स्थानीय स्तर पर पाइपलाइन के टूटने के कारण उत्पन्न हुई थी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी तरह की दिक्कत दिखाई दे तो तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।