हमीरपुर। जिले के युवा आजकल जिम की भीड़ में बंद हाल में कसरत करने की बजाय बाहर की खुली हवा में साइकिलिंग और व्यायाम को तव्वजो दे रहे हैं। युवा व किशोर साइकिल चलाने का खूब आनंद ले रहे हैं। साइकिलिंग करने में युवा और बच्चे खूब पसीना बहा रहे हैं। सुबह शाम खेल मैदानों, सड़कों में युवा और बच्चे साइकिलिंग करते हुए देखे जा सकते हैं। बुजुर्ग भी सुबह शाम खेल मैदानों में योग और व्यायाम कर रहे हैं। कोरोना वायरस के कारण लोग व्यायाम और स्वास्थ्य के प्रति सजग हो गए हैं। लोग कोरोना महामारी को दूर रखते हुए स्वस्थ रहने के लिए हर तरह के प्रयास कर रहे हैं।
युवाओं अमित कुमार, संजय कुमार, अभिषेक, रजनीश कुमार ने कहा कि वे रोज सुबह शाम बाल स्कूल मैदान में साइकिलिंग करते हैं। सुबह शाम बाल स्कूल मैदान में खेल गतिविधियां करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए ताकि कोई भी बीमारी न लगे। उन्होंने कहा कि अरसे बाद भले ही जिम खुल गए हैं। लेकिन, जिम में अधिक भीड़ व संक्रमण फैलने का खतरा है। ऐसे में खुद को फिट रखने के लिए साइकिलिंग बेहतर विकल्प है। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग करने से फिट रहने के साथ ही शरीर का भी विकास होता है और आनंद भी आता है।