दि उपभोक्ता संरक्षण समिति हमीरपुर की बैठक शनिवार को जिला हमीरपुर में हुई। इसकी अध्यक्षता संरक्षण समिति के अध्यक्ष एडवोकेट सुशील शर्मा ने की। कोरोना काल के चलते उपभोक्ता संरक्षण समिति की बैठक पूरे एक साल बाद की गई। इसमें उपभोक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में एचआरटीसी की बसों का समयबद्ध न होना, पटवार खानों और लोकमित्र केंद्रों पर रेट लिस्ट लगाने, हमीरपुर में बन रहे पैदल मार्ग के बीचोंबीच लगे बिजली खंभों का विकल्प तलाशने और जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक से डिपुओं में घटिया किस्म की दालों के मुद्दे को उठाकर चर्चा की गई। सबसे पहले संगठन के पदाधिकारियों डीसी शर्मा, कंवर शमशेर सिंह और आईडी सोनी के निधन पर शोक व्यक्त किया गया और दो मिनट का मौन रखा गया।
उपभोक्ता संरक्षण समिति लगातार उपभोक्ताओं के जुड़े मुद्दे उठाती रहती है। कोरोना काल के चलते 15 मार्च को होने वाला उपभोक्ता संगठन का कार्यक्रम भी इस बार ऑनलाइन किया जाएगा। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनसुख पठानिया, महासचिव मनोहर लाल कानूनगो, ज्ञान चंद शर्मा, रणजीत सिंह ठाकुर, एसके कौडा, सुरेंद्र धीमान, शंभू राम जसवाल भी उपस्थित रहे।