रंगस (हमीरपुर )। मटौर-शिमला नेशनल हाईवे 103 पर रंगस के साथ लगते मोड़ पर पुलिया धंसने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां सड़क धंसने से कई दोपहिया वाहन सवार घायल हो रहे हैं। छह महीने से इस समस्या से लोग परेशान हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कई बार इस गड्ढे को अपने तौर पर ही मिट्टी से भरा है और यहां पर सफेद रंग की लाइन भी लगाई हुई है ताकि वाहन चालकों को इस गड्ढे के बारे में पता चल सके।
राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को और प्रशासन को भी इसकी सूचना कई बार स्थानीय लोगों ने दी है, लेकिन फिर भी प्रशासन के कान में कोई जूूं तक नहीं रेंग पाई है। समस्या को लेकर जानकारी देते हुए स्थानीय लोगों में राजकुमार ठाकुर, रतन चंद राणा और दंपती बलवीर सिंह और सुषमा कुमारी और घायल हुए युवक नवीन कुमार ने कहा कि पिछले लंबे अरसे से सड़क में पड़ा यह गड्ढा सड़क हादसों को निमंत्रण दे रहा है। अतिशीघ्र इस जानलेवा गड्ढे की मरम्मत की जाए। जब समस्या को लेकर राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण विभाग के साइट इंजीनियर अजय ठाकुर ने कहा कि समस्या उनके ध्यान में है और इसकी मरम्मत के बारे में राष्ट्रीय उच्च मार्ग के निर्माण कार्य में लगी कंपनी के अधिकारियों को कहा गया है। शीघ्र ही इसका उचित मरम्मत कार्य करवा दिया जाएगा।