हमीरपुर। जिले के आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में अब मरीजों को सीटी स्कैन के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। प्रदेश सरकार की योजना के तहत आदर्श अस्पतालों में सीटी स्कैन सुविधा उपलब्ध करवाने की कवायद तेज हो गई है।
इसी कड़ी में नादौन अस्पताल में सीटी स्कैन सुविधा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। अस्पताल भवन में मशीन स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थान तलाशा जा रहा है। गत दिनों मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार ने नादौन अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने के लिए संभावित स्थान भी देखे गए। फिलहाल स्थान चयन की प्रक्रिया चल रही है। स्थान तय होने के बाद मशीन स्थापित करने की दिशा में अगली कार्रवाई शुरू होगी।
वर्तमान में जिले में सरकारी स्तर पर सीटी स्कैन की सुविधा मुख्य रूप से मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में उपलब्ध है। ऐसे में नादौन सहित ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के मरीजों को जांच के लिए हमीरपुर जाना पड़ता है।
इससे मरीजों और तीमारदारों को अतिरिक्त समय और यात्रा खर्च उठाना पड़ता है। कई बार मरीजों को निजी स्वास्थ्य संस्थानों का रुख भी करना पड़ता है। नादौन में सीटी स्कैन सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को नजदीकी अस्पताल में ही यह जांच सुविधा मिल सकेगी।
बॉक्स
जिले में पांच आदर्श स्वास्थ्य संस्थान
हमीरपुर जिले में सुजानपुर, नादौन, बड़सर, भोरंज और टौणी देवी अस्पतालों को आदर्श स्वास्थ्य संस्थान का दर्जा प्राप्त है। इन सभी संस्थानों में सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध करवाने की योजना है। इसके लिए कृष्णा डायग्नोस्टिक्स के माध्यम से व्यवस्था किए जाने का प्रस्ताव है।
कोट
नादौन अस्पताल का निरीक्षण किया है। जल्द ही सीटी स्कैन के लिए उपयुक्त जगह को चिन्हित किया जाएगा।
-डॉ. सतीश कुमार, सीएमओ, हमीरपुर