नादौन(हमीरपुर)। स्थानीय वार्ड नंबर 3 निवासी दो परिवारों में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक महिला के सिर पर चोट लगने के कारण वह गंभीर घायल हो गई। घायल को नादौन में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया। वार्ड तीन निवासी पति-पत्नी ने पड़ोसियों पर उनसे मारपीट करने का आरोप लगाते हुए नादौन थाना में मामला दर्ज करवाया है। शिकायतकर्ता प्रदीप कुमार ने बताया कि रविवार सायं जब वह अपने भाई कुलदीप सहित अपनी ही भूमि से मिट्टी निकाल कर घर के रास्ते में डाल रहा था तो उसके पड़ोसी अमर सिंह, लीला देवी व उनके बेटों ने गाली गलौच आरंभ कर दिया।
प्रदीप ने बताया कि इसी दौरान दूसरे पक्ष ने उस पर ईंट दे मारी। झगड़े का शोर सुनकर जब उसकी भाभी रीना कुमारी मौका पर पहुंची और बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो दूसरे पक्ष ने कपड़े धोने वाली थापी रीना के सर पर दे मारी। जिससे रीना के सिर पर गहरा घाव होने के कारण वह बेहोश हो गई और उसे तुरंत नादौन अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इसके सिर पर टांके लगे। कुलदीप ने बताया कि सोमवार को उसकी पत्नी की हालत गंभीर हो जाने पर उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर अमर सिंह व उसकी पत्नी ने बताया कि निकासी नाली बंद करने को लेकर पड़ोसियों के साथ झगड़ा हुआ। आपसी झगड़े में पड़ोसियों ने उनकी दीवार तोड़ दी। जिस कारण बीच-बचाव में एक दूसरे को चोटें लगी हैं। थाना प्रभारी प्रवीण राणा ने बताया कि घायलों का मेडिकल करवाकर दोनों तरफ से मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे छानबीन की जा रही है।