नादौन से ज्वालामुखी एनएच पर स्थित ठेहड़ा में एक ट्रक ने नैनो कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद नैनो कार सड़क किनारे जा पलटी। नैनो की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई जबकि उसकी बहन को गंभीर चोटें आई हैं। उसे प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रेफर कर दिया गया।
बाइक सवार गौरव राणा (24) पुत्र अशोक कुमार निवासी बलेड़ा अपनी बहन काजल के लिए नादौन में दवाई लेने जा रहा था। ठेहड़ा के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक की नैनो कार से टक्कर हो गई। हादसे के दौरान नैनो कार सड़क किनारे पलट गई जबकि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
बाइक के पीछे बैठी गौरव की बहन काजल को ज्वालामुखी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद टांडा रेफर कर दिया गया। कार चालक शिवांकुर निवासी बड़ा और उसके साथी रविंद्र निवासी गाहलियां को घायल अवस्था में नादौन अस्पताल में भर्ती किया गया।
रविंद्र ने पुलिस को बयान दिया है कि वह अपने साथी के साथ रानीताल जा रहा था। ठेहड़ा के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। इससे कार पलट गई और विपरीत दिशा से आ रही बाइक से जा टकराई।
थाना प्रभारी ज्वालामुखी संदीप शर्मा का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।