सुजानपुर थाना के अंतर्गत मुख्य बाजार में स्थित एक ज्वेलरी शॉप से प्रवासी 55 ग्राम सोना लेकर फरार हो गया। दुकानदार ने प्रवासी का पीछा भी किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं लगा। दुकानदार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ज्वेलर कश्मीर सिंह ठाकुर मंगलवार शाम करीब 4 बजे ज्वेलरी शॉप से 55 ग्राम सोना लेकर अपनी दुकान में आया। हालांकि गोल्ड छोटे कणों में था। इस कारण ज्वेलर उसे डिब्बियों में पैक करने लगा। गोल्ड को काउंटर पर रख जैसे ही कश्मीर सिंह काउंटर के अंदर से डिब्बियां निकालने लगा एक प्रवासी युवक दुकान में आया और गोल्ड से भरे पाउच को लेकर फरार हो गया।
हालांकि कश्मीर सिंह ने शोर मचाकर प्रवासी युवक का पीछा भी किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। ज्वेलरी शॉप से कुछ ही दूरी पर स्थित एक अन्य दुकान में लगे सीसीटीवी में प्रवासी कैद हो गया है। फुटेज में प्रवासी दो बार ज्वेलरी शॉप की ओर आता दिख रहा है। उसके बाद गोल्ड लेकर भागता हुआ भी दिख रहा है। वहीं दुकानदार ने थाना में इसकी रिपार्ट दर्ज करवा दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार का कहना है कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी को सुराग लगा लिया जाएगा।