हमीरपुर। जिला हमीरपुर के एक स्टोन क्रशर मालिक की गिरफ्तारी के वारंट जारी हुए हैं। स्टोन क्रशर मालिक पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के समन को लेने से इनकार करने का आरोप है। एनजीटी के पास स्टोन क्रशर मालिक के खिलाफ पर्यावरण नियमों की अवहेलना की शिकायत पहुंची है। जिसके बाद एनजीटी ने स्टोन क्रशर मामले की जांच कर क्रशर मालिक को समन जारी किए लेकिन संबंधित व्यक्ति ने एक बार भी समन नहीं लिया।
क्रशर मालिक के इस व्यवहार पर आपत्ति जताते हुए एनजीटी ने अब मामला जिला पुलिस के हवाले किया है। एनजीटी ने जिला पुलिस को चिट्टी लिखकर स्टोन क्रशर मालिक को गिरफ्तार करने के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही 25 हजार रुपये जमानत राशि भी जमा करवाने के आदेश दिए हैं। आरोपी व्यक्ति को पेशी के समय यह राशि सरकारी खजाने में जमा करवानी पड़ेगी। इससे पहले उपमंडल नादौन में चल रहे एक स्टोन क्रशर के खिलाफ भी एनजीटी कड़ी कार्रवाई अमल में ला चुका है। जिला में पर्यावरण नियमों की अवहेलना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। वहीं जिला उद्योग और खनन विभाग की जिम्मेदारियां तय करते हुए स्टोन क्रशर मालिकों से पर्यावरण नियमों का पालना करवाने की बात कही गई है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर राजेश कुमार ने कहा कि एनजीटी ने जिला के एक स्टोन क्रशर मालिक के खिलाफ गिरफ्तारी के वारंट जारी किए हैं। शीघ्र संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।